अनुराग सेवा संस्थान द्वारा विश्व चिंतन दिवस पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा काआयोजन

लालसोट में विश्व चिंतन दिवस पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित, अनुराग सेवा संस्थान के 31 वर्ष पूर्ण होने पर विविध कार्यक्रम

लालसोट। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ लालसोट तथा अनुराग सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विश्व चिंतन दिवस के अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन रविवार प्रातः किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लालसोट स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया गया। यह आयोजन संस्थान के 31 वर्ष पूर्ण होने पर चल रहे “अनुराग-31” श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित 31 कार्यक्रमों में से एक था।

कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाएँ प्रस्तुत कर देश में शांति, सद्भाव और भाईचारे की कामना की गई। सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी कमिश्नर एवं सीबीईओ सत्यनारायण मीणा ने कहा कि सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान भारतीय संस्कृति की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि ईश्वर एक है, भले ही उसे पाने के मार्ग अलग-अलग हों।

संस्थान संरक्षिका एवं पूर्व सीबीईओ अंजना त्यागी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहाँ अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों के लोग प्रेम और सहयोग के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम “ढाई अक्षर प्रेम” को अपने जीवन में उतार लें तो समाज और संसार दोनों सुखमय हो सकते हैं।

पूर्व पार्षद सद्दाम हुसैन ने कहा कि धर्म का उद्देश्य लोगों को जोड़ना है, न कि विभाजित करना। उन्होंने साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखते हुए मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया।

सभा में विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाएँ प्रस्तुत की गईं। उमाशंकर शर्मा ने प्रातः स्मरण, अभिनव त्रिपाठी ने सरस्वती वंदना, पं. श्याम सुंदर खेड़ला ने वैदिक प्रार्थना, अन्नू जैन ने जैन धर्म की प्रार्थना तथा मौलाना हामिद मोहम्मद ने कुरान की आयतें पढ़ीं। इसके साथ ही गोविंद जसवानी ने सिंधी भाषा में प्रार्थना प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के कार्डिनेटर महेंद्र साहू ने अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। संस्थापक संयोजक सियाराम शर्मा ने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि संचालन स्थानीय संघ के सचिव श्रीकांत शर्मा ने किया।

इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष अंशुल सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्काउट-गाइड सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्द और एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...